खज्जियार (चंबा)। फतेहपुर-सुगहला सड़क बनने से पांच पंचायत के लोगों का लाभ मिलेगा। बुधवार को सदर विधायक नीरज नैयर ने इस जीप योग्य सड़क का शिलान्यास किया। 900 मीटर लंबी सड़क के निर्माण पर 24 लाख रुपये खर्च होंगे।
इससे ग्राम पंचायत कोहलड़ी, सिंगी, रिंडा, साच और खज्जियार के गांव को लाभ मिलेगा। ये पंचायतें सीधे आपस में जुड़ जाएंगी। इस सड़क के निर्माण को लेकर स्थानीय लोग लंबे समय से मांग कर रहे थे, जो कि, अब पूरी होने वाली है। सदर विधायक नीरज नैयर ने शिलान्यास करने के उपरांत लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि अपने विधानसभा क्षेत्र के हर गांव को सड़क से जोड़ना उनका पहला लक्ष्य है। इसकी प्राप्ति के लिए वह सभी गांवों को सड़क से जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। इस सड़क के निर्माण को लेकर स्थानीय लोग उनसे मिले थे, जिसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री से इसके निर्माण की बात की। उन्होंने सड़क के लिए धनराशि मुहैया करवाने का आश्वासन दिया। अब कुछ माह में यह सड़क बनकर तैयार हो जाएगा। इसके बाद लोगों को संकरे रास्ते से आवाजाही करने से भी निजात मिलेगा। इसके अलावा इन पंचायतों में अन्य समस्याओं का भी शीघ्र निपटारा किया जाएगा।