धरवास में किसान मेले का शुभारंभ, एकलव्य विद्यालय के निर्माण की भी जांची प्रगति
जीवामृत बनाने का तरीका सिखाया, मनरेगा रोजगार, एलपीजी आपूर्ति की समस्याओं पर भी दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
पांगी (चंबा)। जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने सोमवार को धरवास में किसान मेले का शुभारंभ किया। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक और जैविक खेती अपनाने के साथ कृषि, बागवानी और पशुपालन विभाग की योजनाओं का लाभ उठाकर आय बढ़ाने का आह्वान किया।
मेले में मंत्री ने स्वयं सहायता समूहों और विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर उत्पादों और योजनाओं की जानकारी ली। किसानों को ब्लूबेरी योजना सहित कृषि एवं बागवानी से जुड़ी योजनाओं के बारे में बताया गया। प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए जीवामृत तैयार करने की विधि भी समझाई गई।
इससे पहले मंत्री ने एकलव्य विद्यालय धरवास के भवन निर्माण कार्य का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता पर संतोष जताते हुए अधिकारियों को काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भवन तैयार होने से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकेंगी।
मंत्री ने पंचायत सचिवों को मनरेगा के तहत रोजगार चाहने वाले लोगों के आवेदन प्राप्त करने को कहा, ताकि पात्र लोगों को काम उपलब्ध करवाने की प्रक्रिया आगे बढ़े। एलपीजी सिलेंडरों के वितरण में आ रही दिक्कतों के समाधान के लिए नागरिक आपूर्ति विभाग को निर्धारित समय और स्थान की जानकारी सार्वजनिक करने के निर्देश दिए।
उन्होंने वन अधिकार अधिनियम और नौतोड़ से संबंधित प्रावधानों की जानकारी देते हुए कहा कि वन अधिकार अधिनियम के कार्यों की समीक्षा के लिए राज्य और जिला स्तरीय समितियों की नियमित बैठकें होंगी। साथ ही विभागों को सरकारी योजनाओं के प्रचार के लिए जागरूकता शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए।