नगर परिषद चंबा द्वारा एक मंजिला घर व तीन मंजिला घर से एक समान हाउस टैक्स वसूल किया जा रहा है।
नियम के अनुसार हाउस टैक्स घर की बहुमंजिला को देख कर तय किया जाना चाहिए। शहर में कई ऐसे गरीब परिवार हैं जिन्होंने काफी मशक्कत करके दो कमरों का मकान तैयार किया है। लेकिन उसके ऊपर भी नप द्वारा हाउस टैक्स लगाया जा रहा है।
यह हाउस टैक्स हजारो रुपये में है। कई परिवार ऐसे हैं जो नप द्वारा जारी हाउस टैक्स को चुकाने में सक्षम नहीं है। तीन से चार हजार रुपये महीना कमाने वाला व्यक्ति नप को आठ से दस हजार रुपये का हाउस टैक्स कहां से देगा। लेकिन नप को इस बात से कोई लेना देना नहीं है। उन्हें मात्र हाउस टैक्स के पैसे वसूल करने से मतलब है। चाहे प्रभावित परिवार उसे जहां मर्जी से भी उपलब्ध करवाए।
शहर में कई तीन से चार मंजिला मकान ऐसे भी हैं जिन्हें नप द्वारा कोई भी हाउस टैक्स जमा करवाने का नोटिस नहीं भेजा गया है। जिसको लेकर शहर वासियों में नप के प्रति गहरा रोष है। स्थानीय निवासी राज कुमार, देश राज, मनोज कुमार, प्यार चंद, जय सिंह, रूप लाल, शादी लाल, अंकित, मोहित और सुरेश कुमार ने बताया कि नप द्वारा हाउस टैक्स के नाम पर लूट पाट की जा रही है। एक परिवार के दो लोगों को हाउस टैक्स का नोटिस भेजा जा रहा है।
साथ ही उन्हें कोर्ट जाने की धमकी दी जा रही है। जिससे कई गरीब परिवार मानसिक रूप से परेशान हो रहे हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि गरीब परिवारों से हजारों रुपये हाउस टैक्स नहीं वसूला जाए। इसके अलावा एक परिवार के एक सदस्य से ही हाउस टैक्स लिया जाए।