चंबा। बस अड्डे में यात्रियों को एक्सपायरी डेट की खाद्य सामग्री बेचने वाले दुकानदारों पर स्वास्थ्य विभाग ने शिकंजा कसा।
वीरवार को सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा ने टीम को लेकर बस स्टैंड सहित बाजार की अन्य दुकानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान बस स्टैंड में एक दुकान में एक्सपायर हो चुके खाद्य पदार्थ मिले। इन पदार्थों को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर नष्ट करवाया।
साथ ही दुकानदार को सख्त हिदायत दी कि वह दोबारा इस तरह से एक्सपायर हो चुके खाद्य पदार्थों को न बेचें। अन्यथा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान विभागीय टीम ने शहर सहित आसपास के इलाकों में प्रतिबंधित गुलाबी रंग की मिठाई बेचने वाले लोगों को पकड़ने के लिए भी दबिशें दी, लेकिन ये लोग हाथ नहीं लग पाए। शायद उन्हें विभाग की कार्रवाई की पहले ही भनक लग गई होगी। इसके चलते शहर में कोई भी बाहरी राज्य का व्यक्ति गुलाबी रंग की मिठाई बेचने के लिए नहीं निकला। हालांकि, विभागीय टीम ने बालू, सुल्तानपुर, करियां, मुगला, चौगान बाजार और हरदासपुरा में अपनी दबिश देकर गुलाबी रंग की मिठाई बेचने वालों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन टीम को कहीं पर भी गुलाबी रंग की मिठाई बेचने वाले हाथ नहीं लगे।
स्वास्थ्य विभाग के सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा ने शहर सहित आस-पास के इलाकों के सभी दुकानदारों को सख्त हिदायत दी है कि वे खाद्य पदार्थों की बिक्री को लेकर किसी प्रकार की लापरवाही न बरतें। गुणवत्ता युक्त खाद्य पदार्थ ही अपनी दुकानों में बेचने के लिए रखें। जिन खाद्य पदार्थों को सरकार ने प्रतिबंधित किया है। उन पदार्थों को दुकानों में न बेचें। अन्यथा उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, विभाग की सक्रियता से उन दुकानदारों में हड़कंप मच गया है। जोकि, अपनी दुकानों में एक्सपायर हो चुका खाद्य पदार्थों का पुराना स्टॉक बेचते रहते हैं।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा दीपक आनंद ने बताया कि शहर सहित अन्य इलाकों में गुलाबी रंग की मिठाई बेचने वालों की तलाश की गई, लेकिन कहीं भी गुलाबी रंग की मिठाई बेचने वाले नहीं मिले। इस दौरान बस स्टैंड की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। इसमें एक दुकान में एक्सपायर खाद्य पदार्थ मिले। जिन्हें मौके पर ही नष्ट करवा दिया गया।