होली में आयोजित चिकित्सा जांच शिविर के दौरान स्वास्थ्य जांच करवाने के लिए लाइनों में खड़े लोग।
होली (चंबा)। जनजातीय क्षेत्र होली में पहली बार लोगों को न्यूरो सर्जन से लेकर महिला रोग और ईएनटी की विशेषज्ञ की सेवाएं मिली हैं। शनिवार को होली में चिकित्सा जांच शिविर लगाया गया। इसमें विधायक डॉ. जनक राज मुख्यातिथि थे।
उन्होंने मुख्यातिथि बनने के साथ मरीजों का स्वास्थ्य भी जांचा। नस संबंधी बीमारियों की जांच कर दवाइयां भी लिखीं। इससे मरीजों को अपने इलाज के लिए सैकडों किलोमीटर दूर टांडा या शिमला नहीं जाना पड़ा। होली के लोगों को पहली महिला रोग और ईएनटी विशेषज्ञ से स्वास्थ्य की जांच करवाने की सुविधा मिली। शिविर में करीब 400 लोगों ने स्वास्थ्य जांच करवाई। इनमें 200 महिलाएं शामिल रहीं। ईएनटी विशेषज्ञ ने भी 100 से अधिक मरीजों के स्वास्थ्य की जांच की। 100 से अधिक लोगों ने न्यूरो से संबंधित जांच करवाई।
चिकित्सा जांच शिविर एक निजी संस्था के प्रयासों से लगाया गया। शिविर के आयोजन में विधायक डॉ. जनकराज का अहम योगदान रहा। इस दौरान में 50 से अधिक मरीज ऐसे पाए गए, जो किसी न किसी बीमारी से गंभीर रूप से ग्रस्त थे। उन्हें आगामी इलाज के लिए टांडा या शिमला जाकर जांच करवाने का परामर्श दिया गया। इस दौरान रक्तदान शिविर भी लगाया गया। इसमें 30 लोगों ने रक्तदान किया। यह जिले के जरूरतमंद मरीजों के काम आएगा। विधायक डॉ. जनकराज ने बताया कि भविष्य में भी इस प्रकार के शिविर जनजातीय क्षेत्र में लगाने के प्रयास किए जाएंगे।
होली में आयोजित चिकित्सा जांच शिविर के दौरान स्वास्थ्य जांच करवाने के लिए लाइनों में खड़े लोग।