चंबा। जिला चंबा में अतिरिक्त मोहलत के बाद भी ई-केवाईसी उम्मीद के मुताबिक नहीं बढ़ पाई है। सरकार ने 31 अक्तूबर तक समय ई-केवाईसी के लिए दिया है, मगर जिले में अब तक 54 प्रतिशत ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी हुई है।
अक्तूबर को लेकर मिली विशेष मोहलत के बाद भी इसमें तीन प्रतिशत ही बढ़ोतरी हो पाई है। ऐसे में ई-केवाईसी करवाने में जिले के राशन कार्ड उपभोक्ता ज्यादा दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं।
जिला चंबा में करीब डेढ़ लाख राशन कार्ड धारक हैं। करीब छह लाख लोग सरकारी राशन का लाभ ले रहे हैं, मगर ई-केवाईसी के लिए आगे नहीं आ रहे हैं। चरणबद्ध तरीके से प्रतिशतता पर नजर दौड़ाई जाए तो पहले चरण में अगस्त तक 38 प्रतिशत ई-केवाईसी हो पाई थी। सितंबर में यह बढ़कर 51 प्रतिशत तक पहुंच गई। सितंबर में रफ्तार बढ़ी थी। इसके बाद सरकार ने राशन कार्ड ऑटोमेटिक ब्लॉक करने के निर्देश जारी किए। फिर इन निर्देशों को बदल दिया और 31 अक्तूबर तक ई-केवाईसी करवाने की तिथि बढ़ा दी। इस मोहलत के बाद भी ई-केवाईसी की रफ्तार नहीं बढ़ी है। पिछले 29 दिन में महज तीन प्रतिशत ई-केवाईसी बढ़ी है। गौरतलब है कि सरकार की ओर से समस्त राशन कार्ड धारकों की सदस्यों सहित ई-केवाईसी करवाई जा रही है, मगर राशन कार्ड उपभोक्ता इस मामले को लेकर दिलचस्पी नहीं दिखा रहे है। इस कारण ई-केवाईसी प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।
चार दिन सॉफ्टवेयर भी रहा बाधित
जानकारी यह भी मिली है कि निदेशालय की ओर से चार दिन के लिए पोर्टल बंद किया गया। इस अवधि में सॉफ्टवेयर को अपग्रेड किया गया है। इस दौरान राशन का आवंटन भी प्रभावित हुआ। दो दिन पहले ही यह पोर्टल दोबारा शुरू हुआ है।
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक पुरुषोत्तम सिंह का कहना है कि जिमे में अब तक 54 प्रतिशत ई-केवाईसी का कार्य पूरा हो चुका है। कहा कि गत माह 51 प्रतिशत रही। कहा कि डिपो धारकों को ई-केवाईसी करवाने के बारे में उचित दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं।