होली(चंबा)। जनजातीय क्षेत्र होली के तहत आती ग्राम पंचायत कुठेड़ के गांव कुठेड़ का प्रतिनिधिमंडल नायब तहसीलदार होली से मिला। इस दौरान निजी परियोजना द्वारा गांव में लगाए जा रहे क्रशर प्लांट का विरोध किया। साथ ही प्रशासन से गुहार लगाई है कि इस मामले में जल्द से जल्द सख्त कार्रवाई की जाए।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल ग्रामीणों ओंकार सिंह, सोरमा राम, सुनील कुमार, राजेश कुमार, सतीश कुमार, रवि कुमार, राकेश कुमार, दलीप सिंह, रविंद्र कुमार, मिलाप चंद ने बताया कि उनके गांव के ही समीप कंपनी द्वारा क्रशर प्लांट लगाया जा रहा है। जिससे गांव को काफी नुकसान हो सकता है। उन्होंने बताया कि इस बारे कई बार प्रशासन को अवगत करवाया गया लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि कुठेड़ गांव पंचायत की अपेक्षा अधिक प्रभावित गांव है। पंचायत के अन्य गांव की प्रोजेक्ट की डैम साइट से दूरी आठ से लेकर 15 किमी है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि पंचायत प्रतिनिधि भी उनकी इस मांग को नहीं सुन रहे हैं। उन्होंने बताया कि यहां क्रशर प्लांट लगने से ग्रामीणों की फसलें नष्ट हो जाएंगी। साथ ही पशुओं के लिए चारे की भी किल्लत पैदा होगी। इसके अलावा ध्वनि प्रदूषण के चलते ग्रामीणों का स्वास्थ्य भी प्रभावित हो सकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन को चेताया है कि अगर क्रशर प्लांट लगता है, वे उग्र प्रदर्शन करेंगे। जिसकी जिम्मेवारी प्रशासन व कंपनी की होगी।
नायब तहसीलदार टीआर ठाकुर ने गांव कुठेड़ के प्रतिनिधिमंडल का ज्ञापन मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि परियोजना प्रबंधन द्वारा क्रशर लगाने के लिए परमिशन ली है या नहीं ली है। इसके लिए फील्ड कानूनगो और पटवारी को फील्ड में जाकर जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। फील्ड रिपोर्ट आने के बाद ही आगामी कार्रवाई होगी।