चंबा मेंचुराह की राजकीय प्राथमिक पाठशाला सलोह में आग लगने के दौरान धूं धूं कर जलता स्कूल ओर उठ
चुराह (चंबा)। पंचायत जसौरगढ़ के राजकीय प्राथमिक पाठशाला सलोह में रविवार दोपहर को भीषण अग्निकांड में स्कूल भवन पूरी तरह जलकर राख हो गया। आग की चपेट में स्कूल के तीनों कमरे और मिड-डे मील की रसोई आ गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार एक कमरे में रखे दो गैस सिलिंडरों के भड़कने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया। गनीमत रही कि रविवार होने के कारण स्कूल में अवकाश था और कोई छात्र, शिक्षक या कर्मचारी मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
देखते ही देखते आग ने पूरे स्कूल भवन को अपनी चपेट में ले लिया। आग से स्कूल का फर्नीचर, महत्वपूर्ण सरकारी अभिलेख, शैक्षणिक सामग्री, मिड-डे मील का राशन और अन्य उपकरण पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन आग इतनी भीषण थी कि उस पर काबू नहीं पाया जा सका। कुछ ही देर में पूरा स्कूल भवन जलकर राख हो गया।
तहसीलदार चुराह आशीष ठाकुर ने बताया कि स्कूल के अध्यापक से आग लगने की सूचना मिली थी। आग से स्कूल के तीन कमरे और मिड-डे मील रसोई पूरी तरह जल गई है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है और विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है।