चंबा। भलेई की युवा तनीषा कुमारी इस बात का जीवंत उदाहरण हैं कि मेहनत किसी भी शौक को रोजगार में बदल सकती है। बचपन से मेहंदी लगाने का शौक रखने वाली तनीषा ने इसे निखारकर न सिर्फ अपना पेशा बनाया बल्कि कई युवतियों के लिए प्रेरणा भी बन रही हैं।
त्योहारों और पारिवारिक आयोजनों में मेहंदी लगाने से शुरू हुआ उनका सफर आज एक सफल कॅरिअर का रूप ले चुका है। तनीषा की खासियत है कि वह चंद मिनटों में आकर्षक, साफ और ट्रेंडी डिजाइन बना लेती हैं। नए पैटर्न और मॉडर्न आर्ट में उनकी पकड़ बेहद मजबूत है। इसी कारण वह युवतियों और दुल्हनों की पहली पसंद बन चुकी हैं। शादी-ब्याह के सीज़न में उनको पहले ही बुकिंग मिल जाती है।
तनीषा कहती हैं कि महिलाएं अगर अपने हुनर को पहचानकर मेहनत करें तो वे हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन सकती हैं। वे अन्य महिलाओं को भी अपने कौशल को अपनाकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर रही हैं।