कुठेड़ के लोग परेशान, बोले- सूचित करने पर भी कार्रवाई नहीं कर रहा बोर्ड
बोले- चार बार शिकायत के बावजूद नहीं बदले तार, तीन परिवार हर पल खतरे में
संवाद न्यूज एजेंसी
चुराह (चंबा)। पंचायत कुठेड़ बुधोड़ा के गांव कुठेड़ में बिजली बोर्ड की लापरवाही से ग्रामीणों की जान जोखिम में पड़ गई है। गांव में बिजली के तार घरों और मंदिर की छत से सटकर गुजर रहे हैं।
इससे किसी भी समय बड़ा हादसा होने का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस गंभीर समस्या को लेकर बोर्ड प्रबंधन को चार बार सूचित किया गया है लेकिन आज तक न तो तारों को बदला गया और न ही लाइन को हटाने की कोई कार्रवाई की गई। हालात यह हैं कि बिजली के तार एक घर के बिल्कुल साथ लगते हुए पूरे गांव तक जा रहे हैं। मंदिर की छत को भी छूकर तार गुजर रहे हैं। इस कारण गांव के कम से कम तीन परिवार रोजाना डर के साये में जीवन यापन कर रहे हैं। ग्रामीणों ने कहा कि उन्हें हर समय भय रहता है कि कहीं शार्ट सर्किट या चिंगारी से उनके घरों में आग न लग जाए। ग्रामीणों ने बोर्ड प्रबंधन से जल्द समस्या का समाधान करने की मांग की है। नेगी राम पुत्र निहाल सिंह, तेजलाल पुत्र रोशन लाल, मानसिंह पुत्र ज्ञानचंद, टेकचंद पुत्र नारायण सिंह, नंदलाल पुत्र पुरुषोत्तम और मुसद्दीराम पुत्र मंसाराम ने विभाग से त्वरित कार्रवाई की गुहार लगाई है। उधर, बिजली बोर्ड के एसडीओ अमीर चंद ने बताया कि मामला उनके ध्यान में लाया गया है। उन्होंने कहा कि जल्द संबंधित जेई से बात कर समस्या का समाधान किया जाएगा।