बिजली बोर्ड चंबा प्रथम ने सरकारी कार्यालयों में प्रीपेड मीटर किए स्थापित
लंबित बिलों का भुगतान न करने पर बंद हो जाएगी कार्यालयों की बिजली
अस्पताल प्रबंधन, जल शक्ति विभाग की बिजली बंद करने पर लिया जाएगा निर्णय
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। विद्युत उपमंडल चंबा प्रथम के तहत सरकारी कार्यालयों में प्रीपेड मीटर स्थापित हो गए हैं। अब बिजली तब ही ऑन होगी, जब मासिक रिचार्ज किया जाएगा। बिजली बोर्ड ने इस बारे में एडवाइजारी जारी कर दी है।
हालांकि, बोर्ड ने अस्पताल प्रबंधन और जल शक्ति विभाग की बिजली बंद करने में थोड़ी मेहरबानी दिखाई। इस मामले को लेकर आगामी निर्देश बाद में जारी किए जाएंगे।
जानकारी के अनुसार विद्युत बोर्ड एनडीएनसी (नॉन डोमेस्टिक, नॉन कॉमर्शियल) श्रेणी के सरकारी विभागों के उपभोक्ताओं को चरणबद्ध तरीके से स्मार्ट प्रीपेड मीटर में परिवर्तित कर रहा है। प्रक्रिया के दौरान पाया गया कि कई सरकारी उपभोक्ताओं पर विद्युत बिलों का बकाया लंबित है। विद्युत अधिनियम एवं बोर्ड के प्रावधानों के अनुसार बकाया राशि का भुगतान किया जाना अनिवार्य है। यह भी अवगत कराया जाता है कि जिन उपभोक्ताओं के मीटर पहले ही प्रीपेड मोड में परिवर्तित किए जा चुके हैं, उनकी विद्युत आपूर्ति का रिमोट डिस्कनेक्शन शुरू किया जा चुका है। बोर्ड ने सभी विभागों से आह्वान किया है कि वे लंबित विद्युत बिलों का शीघ्र भुगतान करें और प्रीपेड मीटर में परिवर्तन के पश्चात समय पर रिचार्ज करवाएं। किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए कर्मी बोर्ड कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। यदि राशि का भुगतान न किया तो कनेक्शन स्वत: ही बंद हो जाएंगे। उधर, सहायक अभियंता टीआर ठाकुर ने बताया कि सरकारी विभागों में प्रीपेड मीटर स्थापित कर दिए गए हैं। सभी विभाग लंबित बिलों की अदायगी करें और रिचार्ज के जरिये बिजली आपूर्ति प्राप्त करें।