चुराह (चंबा)। उपमंडल चुराह की चांजू और देहरा पंचायतों में जरा सी हवा चलने पर बिजली गुल हो जाती है। क्षेत्र में शनिवार सुबह 9:00 बजे 16 घंटे के बाद विद्युत सप्लाई सुचारू होने पर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में विद्युत संबंधी समस्या का मुख्य कारण बोर्ड कर्मचारियों की कमी है। यदि बोर्ड प्रबंधन के पास स्टाफ हो तो बिजली गुल होने के बाद तुरंत सुचारु होने की उम्मीद रहेगी। ग्रामीणों ने बिजली बोर्ड से ट्रांसफार्मरों की जांच, खंभों की मरम्मत और तारों के सुदृढ़ीकरण की मांग की है।
देहरा और चांजू पंचायत में शुक्रवार शाम 4:00 बजे तेज हवा चलने के बाद यकायक बिजली गुल हो गई। ग्रामीण देर रात तक बिजली आने की आस लिए बैठे रहे लेकिन शनिवार सुबह 9:00 बजे विद्युत सप्लाई बहाल हो पाई। बिजली गुल हो जाने से पूरे क्षेत्र में अंधकार छा गया और ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में बिजली की लाइनें इतनी कमजोर हो चुकी हैं कि हल्की हवा, बूंदाबांदी या बादलों की गड़गड़ाहट से ही बिजली सप्लाई बाधित हो जाती है। ग्रामीणों ने बताया कि इस तरह की समस्या अब आम हो गई है।
ग्रामीणों में रमेश कुमार, खेमराज, रवि, हेमराज, केहर सिंह, पवन ने बताया हर सप्ताह यही स्थिति बनी रहती है। बिजली सप्लाई बंद होने से स्कूली बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
वहीं, ग्रामीणों ने चेताया है कि अगर बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं हुआ तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उधर, विद्युत बोर्ड के कनिष्ठ अभियंता गोपाल सिंह ने बताया कि मेन लाइन पर पेड़ की टहनी गिरने से इस प्रकार की नौबत पेश आई है। पंचायतों की बिजली सप्लाई को सुचारु करवा दिया गया है।