चंबा के चामुंडा माता मंदिर के पास खड़ी एचआरटीसी की बस। स्रोत : जागरूक पाठक
चंबा। हिमाचल पथ परिवहन निगम चंबा डिपो की बस चंबा से घरमाणी जा रही थी, मात्र पांच किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद ही तकनीकी खराबी के कारण बस चामुंडा मंदिर के पास बीच रास्ते में ही रुक गई। यह घटना यात्रियों के लिए काफी परेशानी का सबब बन गई। बस के रुकते ही यात्रियों को सड़क पर घंटों इंतजार करना पड़ा। किसी दूसरी बस की व्यवस्था न होने पर कुछ लोगों को मजबूरी में टैक्सी करके अपने गंतव्य तक जाना पड़ा, जिससे उन्हें अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ा। यह बस दोपहर तीन बजे चंबा बस स्टैंड से चली थी। लेकिन निर्धारित स्थान तक पहुंचने से पहले ही बस के पहिये थम गए।
यात्रियों में अनिल कुमार, जीवन कुमार, राम किशन, प्रेम चंद, किशोरी लाल, मीना कुमारी, स्नेहा ने बताया कि यह कोई पहली बार नहीं है बल्कि ऐसी समस्या हर रोज की है। इन रूटों पर खटारा बसें ही भेजी जाती हैं जो हर दिन खराब हो जाती हैं और टैक्सी से घर पहुंचते हैं। यात्रियों ने निगम प्रबंधन से मांग की है कि इस रूट पर चलने वाली बसों की नियमित रूप से जांच की जाए और पुरानी बसों की जगह नई व सुरक्षित बसें लगाई जाएं ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
बसें काफी पुरानी हो चुकी हैं। तकनीकी खराबी आने से ऐसी समस्या उत्पन्न हो जाती है। नई बसों की डिमांड के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। उम्मीद है कि जल्द ही नई बसें चंबा डिपो को मिल जाएं।
- शुगल सिंह, डीडीएम एचआरटीसी चंबा