खज्जियार (चंबा)। पर्यटन स्थल खज्जियार में तीन दर्जन गांवों के बाशिंदे बिजली की आंख-मिचौनी से परेशान हैं। ग्रामीणों की मानें तो थोड़ी सी बारिश होने पर क्षेत्र में बिजली गुल हो जाती है। इस कारण परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कहा कि खज्जियार घूमने आए पर्यटकों को भी हाेटलों में दिक्कतें पेश आती हैं। ग्रामीणों ने विद्युत बोर्ड से क्षेत्र में चल रही बिजली की समस्या से राहत दिलाने की मांग की है। ग्रामीणों जगदीश कुमार, राज कुमार, सरोज देेवी, निशा कुमारी, चमन लाल, धर्म सिंह, मनोज कुमार, राकेश कुमार ने कहा कि तीन माह से गांवों में बिजली की आंख-मिचौनी की समस्या है। कई बार बोर्ड के कर्मचारियों और अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई। इसके बावजूद समस्या बरकरार है। इतना ही नहीं, ग्रामीणों का कहना है कि बारिश डलहौजी में होती है, लेकिन बिजली की आंख-मिचौनी खज्जियार पंचायत के तहत आते तीन दर्जन गांवों में शुरू हो जाती है। ग्राम पंचायत खज्जियार के दायरे में पुखरी, डिंहा, धामग्राम, बंगबेई, मियाड़ीगला, डुगली, चांहजूई, खज्जियार, भलोली, चलेई समेत तीन दर्जन गांवों में लंबे समय से इस प्रकार की समस्या पेश आ रही है। विद्युुत बोर्ड के अधिकारियों से संपर्क करने पर तकनीकी खराबी के चलते लाइनों की मरम्मत कार्य का तर्क दिया जाता है।
बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता अजय कुमार ने बताया कि मूसलाधार बारिश के चलते क्षेत्र में कई जगहों पर बिजली तार टूटने समेत अन्य तकनीकी खराबी आ जाने से इस प्रकार की समस्या उत्पन्न होती है। लाइनों की मरम्मत और रखरखाव के चलते ही बिजली कट लगाए जा रहे हैं। जल्द व्यवस्थाएं सुचारु करवा दी जाएंगी।