तेलका (चंबा)। बिजली बोर्ड के तेलका अनुभाग में कर्मचारियों की भारी कमी के चलते 49 ट्रांसफार्मर और 50 किलोमीटर लंबी एचटी लाइन की देखरेख केवल दो कर्मचारियों के भरोसे है। वर्तमान में अनुभाग में 15 स्वीकृत पदों में से केवल कनिष्ठ अभियंता और असिस्टेंट लाइनमैन ही तैनात हैं। इससे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति सुचारू रखना बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया है।
पंचायत सालवां, मौड़ा, बाड़का, भजौतरा, गवालू, तरवाल, दरेकड़ी और सियूला सहित अन्य क्षेत्रों में बार-बार बिजली बाधित होने से ग्रामीण परेशान हैं। ग्रामीणों द्वारा क्षेत्र में विद्युत सप्लाई को सुचारू रखने के लिए विद्युत बोर्ड के तेलका अनुभाग में कर्मचारियों की तैनाती को लेकर समय-समय पर मांग उठाई जा रही है। बावजूद इसके अभी तक बोर्ड प्रबंधन की ओर से इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
ग्रामीणों महेश कुमार, किरपा राम, अशोक कुमार, विकास कुमार, राजेंद्र कुमार का कहना हैं कि तेलका अनुभाग स्टाफ की कमी से जूझ रहा है। तेलका क्षेत्र में बिजली बोर्ड में पद खाली पड़े हुए हैं। पहले अनुभाग में 15 कर्मचारी तैनात थे, जिससे व्यवस्था सुचारू थी। मगर अब स्टाफ की कमी के कारण बिजली आपूर्ति में दिक्कतें बढ़ गई हैं। अब यहां पर कनिष्ठ अभियंता समेत एएलएम ही शेष तैनात हैं। इस वजह से 50 किमी क्षेत्र में विद्युत सप्लाई को सुचारू रखना चुनौती बना हुआ है।
विद्युत बोर्ड के अधीक्षण अभियंता राजीव ठाकुर ने बताया कि मामला ध्यान में लाया गया है। रिक्त पदों को भरने के लिए निदेशालय को अवगत करवाया गया है। सरकार के आदेशानुसार ही नए पद भरने के बाद रिक्त पदों को भर दिया जाएगा।
पांगी में बिजली लाइनों की मरम्मत जारी
चंबा। जनजातीय क्षेत्र पांगी में इन दिनों बिजली लाइनों की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। वर्तमान में मौसम साफ है, और ऐसे में बिजली लाइनों की जांच कर उन्हें दुरुस्त किया जा रहा है। पिछले सप्ताह बर्फबारी के कारण यहां बिजली लाइनों को नुकसान पहुंचा था, लेकिन अब बोर्ड की ओर से मरम्मत कार्य जोर-शोर से किया जा रहा है।