बिजली बोर्ड प्रबंधन को 21 दिन का नोटिस, पुरानी पेंशन बहाली समेत 11 मांगें
संवाद न्यूज एजेंसी
डलहौजी (चंबा)। हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड कर्मचारी यूनियन डलहौजी इकाई की बैठक प्रदेशाध्यक्ष नितिश भारद्वाज की अध्यक्षता में हुई। उन्होंने कहा कि बोर्ड प्रबंधन कर्मचारियों और पेंशनरों की मांगों के समाधान में गंभीरता नहीं दिखा रहा है।
इससे कर्मचारियों में रोष बढ़ रहा है। यूनियन ने मांगों के समाधान के लिए प्रबंधन को 21 दिन का नोटिस दिया है। तय अवधि में कार्रवाई न होने पर आगामी मानसून विधानसभा सत्र के दौरान विधानसभा के बाहर प्रदर्शन करने की चेतावनी दी गई है। यूनियन की प्रमुख मांगों में 15 मई 2003 के बाद नियुक्त कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन बहाल करना, मुख्यमंत्री की पूर्व घोषणाओं को लागू करना, पदोन्नति शक्तियों का पुन: प्रत्यायोजन, आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए नौकरी सुरक्षा नीति और अनुबंध सेवा को अर्हक सेवा में शामिल करना शामिल है। इसके अलावा रिक्त पदों पर नियमित भर्ती, आरडीएसएस स्मार्ट मीटर योजना की समीक्षा और एएलएम व टी-मेट्स को पदोन्नति देने की मांग भी उठाई गई। बैठक में अनिल वर्मा, विनोद कुमार, दरबारी लाल, कुलदीप कुमार और अनूप कुमार समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।