तीसा (चंबा)। जिला चंबा के उपमंडल तीसा में हाल ही में खोला गया विद्युत मंडल कार्यालय कांग्रेस सरकार ने डिनोटिफाई घोषित किया है। इसकी अधिसूचना भी प्रदेश सरकार ने जारी कर दी है। साथ ही कार्यालय को बंद करने के आदेश जारी किए गए हैं। वहीं स्टाफ की उपलब्धता न होने के कारण नकरोड़ में खुला सब डिविजन भी बंद हो गया है। लिहाजा अब एक बार फिर से चुराह क्षेत्र के लोगों को पहले की तरह ही अपनी बिजली संबंधी समस्याओं को दूर करवाने के लिए विद्युत मंडल कार्यालय चंबा पर ही निर्भर रहना पड़ेगा।
गौरतलब है कि पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश भर में विद्युत बोर्ड मंडल कार्यालय खोलने की घोषणा की गई। इसके तहत बाकायदा बोर्ड के मंडल कार्यालय भी आरंभ हुए। अब प्रदेश में सत्ता परिवर्तन होने के साथ ही सत्तासीन सरकार की ओर से पूर्व सरकार की ओर से खोले गए 32 कार्यालयों को डिनोटिफाई करने के आदेश जारी किए गए हैं।
इसमें तीसा विद्युत मंडल कार्यालय भी शामिल है। विद्युत बोर्ड के अधीक्षक अभियंता राजीव ठाकुर ने खबर की पुष्टि की है। बताया कि मंगलवार को अधिसूचना मिली है। इसके तहत मंडल कार्यालय और नकरोड़ स्थित सब डिविजन बंद हुए हैं।