खज्जियार (चंबा)। सिंगी और रिंडा पंचायतों में 16 दिन के बाद बिजली बहाल होने पर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। यहां नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया है। इससे दोनों पंचायतों की एक हजार की आबादी को राहत मिली है। अमर उजाला में इस मामले को प्रमुखता से उठाया था। अब इसके असर के रूप में बिजली बोर्ड ने हरकत में आकर जले हुए ट्रांसफार्मर को बदला और नया ट्रांसफार्मर लगाया।
ग्रामीण योग राज, सुशील कुमार, अमर चंद, संदीप कुमार, मनीष कुमार, देवेंद्र कुमार और अशीष कुमार का कहना है कि बर्फबारी में बिजली के न होने से उन्हें काफी समस्या का सामना करना पड़ रहा था। बिजली के उपकरण शोपिस बनकर रह गए थे। कड़ाके की ठंड में उन्हें सर्द रातें काटनी पड़ी। विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित हुई, वहीं महिलाएं भी रात का खाना दीये की लौ में बनाने को मजबूर हो रही थीं। अब नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया है। जिससे लोगों ने राहत की सांस ली है। उधर, बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता अजय कुमार का कहना है कि जले हुए ट्रांसफार्मर की जगह नया ट्रांसफार्मर स्थापित करवा दिया है।