शिमला में सॉफ्टवेयर अपडेट होने के कारण बढ़ेगी उपभोक्ताओं की परेशानी
आज से तीन मार्च तक ऑफलाइन ही करना होगा बिजली बिलों का भुगतान
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। प्रदेश में पांच दिन तक ऑनलाइन बिजली बिल जमा नहीं होंगे। विद्युत ऑनलाइन सैप प्रणाली में शिमला से साॅफ्टवेयर अपडेट होना इसकी मुख्य वजह है। सॉफ्टवेयर अपडेट होने से ऑनलाइन बिजली बिल जमा करवाने वालों की दिक्कतें बढ़ेंगी।
बोर्ड प्रबंधन ने उपभोक्ताओं से वीरवार शाम तक बिजली बिलों की अदायगी ऑनलाइन करने की अपील की है। बोर्ड प्रबंधन ने साफ किया है कि 27 फरवरी से 3 मार्च तक ऑनलाइन बिल जमा नहीं होंगे। ऐसे में उपभोक्ताओं को ऑफलाइन बिल भरने होंगे।
प्रदेश में हजारों विद्युत उपभोक्ता हैं। हर माह बिजली बिल जमा करवाने की अंतिम तिथि निर्धारित की जाती है। अंतिम तिथि के बाद उपभोक्ताओं को अतिरिक्त शुल्क के साथ बिल अदा करना पड़ता है। अधिकांश विद्युत उपभोक्ता ऑनलाइन और बोर्ड कार्यालयों में जाकर ऑफलाइन बिलों का भुगतान करते हैं। अब 27 फरवरी से 3 मार्च तक शिमला से विद्युत ऑनलाइन सैप प्रणाली के तहत साॅफ्टवेयर अपडेट होना है।
विद्युत बोर्ड के अधीक्षक अभियंता चंबा इंजीनियर राजीव ठाकुर ने बताया कि जिले में 27 से 3 मार्च तक यानी पांच दिन तक ऑनलाइन बिल जमा नहीं हो पाएंगे। शिमला से विद्युत ऑनलाइन सैप प्रणाली के तहत साॅफ्टवेयर अपडेट हो रहा है। उन्होंने बताया कि 3 मार्च के बाद फिर से ऑनलाइन व्यवस्था सुचारू हो जाएगी।