पीसीबी ने होटल संचालकों को दिया 15 दिन का समय, नोटिस मिलने के बाद मचा हड़कंप
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड में पंजीकरण और नवीनीकरण करवाए बिना चल रहे हैं होटल
नोटिस मिलने के बाद तीन होटल संचालकों ने पंजीकरण के लिए किया आवेदन
प्रवीण कुमार
चंबा। जिले में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (पीसीबी) में पंजीकरण के बिना चल रहे 164 होटलों पर कार्रवाई की तलवार लटक गई है। बोर्ड ने संबंधित होटल संचालकों को नोटिस जारी कर 15 दिन के भीतर पंजीकरण करवाने के निर्देश दिए हैं।
तय समय में प्रक्रिया पूरी नहीं करने पर बिजली और पानी के कनेक्शन काटने सहित आगामी कार्रवाई की जा सकती है। नोटिस मिलने के बाद होटल कारोबारियों में हड़कंप मचा है।
नियमों के अनुसार होटल और रेस्टोरेंट संचालित करने के लिए पीसीबी में पंजीकरण अनिवार्य है। इसका हर साल नवीनीकरण करवाना होता है। जिले में 164 होटलों का पंजीकरण मार्च 2026 के बाद समाप्त हो गया, लेकिन संचालकों ने इसे नवीनीकृत नहीं करवाया। पंजीकरण शुल्क में वृद्धि को भी देरी की वजह बताया जा रहा है।
पीसीबी की ओर से नोटिस जारी होने के बाद तीन होटल संचालकों ने पंजीकरण के लिए आवेदन किया है, जबकि अन्य संचालकों ने अभी प्रक्रिया पूरी नहीं की है। बोर्ड ने 15 दिन की समयसीमा तय की है। इसके बाद नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पर्यटन कारोबार में नियमों की अनदेखी
चंबा पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण जिला है। यहां होटल और रेस्टोरेंट कारोबार में पर्यटकों की आवाजाही बड़ी भूमिका निभाती है। ऐसे में गंदे पानी और कचरे का उचित प्रबंधन और प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े नियमों का पालन जरूरी है। इतने बड़े पैमाने पर पंजीकरण नवीनीकृत न होने से नियमों के अनुपालन पर सवाल उठ रहे हैं। पीसीबी के सहायक अभियंता राहुल शर्मा ने बताया कि 164 होटल संचालकों को नोटिस भेजे गए हैं। 15 दिन की अवधि पूरी होने के बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।