साहो (चंबा)। ग्राम पंचायत कीड़ी के द्रोबड़ और खलनेरा में दर्जन भर ग्रामीणों के बिजली उपकरण टीवी, फ्रिज, गीजर, वाशिंग मशीन, एलईडी और बल्ब जल गए। बुधवार सुबह 11:00 बजे ट्रांसफार्मर में अचानक जोरदार धमाका हुआ। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में बिजली की वोल्टेज कम और बढ़ने का सिलसिला लंबे समय से बदस्तूर जारी है। कई बार बोर्ड के अधिकारियों को भी इसके बारे में अवगत करवाया, बावजूद इसके अभी तक समस्या हल नहीं हुई। खलनेरा में 62 केवी क्षमता का ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया है लेकिन, वोल्टेज की समस्या दूर नहीं हुई है। प्रभावित ग्रामीणों ने विद्युत बोर्ड प्रबंधन से नुकसान की भरपाई करने की मांग की है।
ग्रामीणों मोती राम, दुनी चंद, ज्ञान चंद, मदन लाल, शरण दास, धनी राम, कुलदीप, उत्तम चंद, जग्गो राम आदि ने बताया कि क्षेत्र में बिजली की वोल्टेज अब लोगों की मुसीबतों को बढ़ाने का काम कर रही है। विद्युत बोर्ड के सहायक अभियंता अजय कुमार ने बताया कि इसके बारे में उनके पास कोई शिकायत नहीं पहुंची है।