चंबा। जिले में ई-केवाईसी की प्रक्रिया रफ्तार नहीं पकड़ पाई है। पिछले करीब डेढ़ माह में नौ प्रतिशत ही ई-केवाईसी हुई है जबकि पहले 58 प्रतिशत थी। जिले के राशन कार्ड उपभोक्ता इसमें दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं। हालांकि, सरकार ने एक बार फिर ई-केवाईसी की तिथि बढ़ाकर उपभोक्ताओं को मोहलत दी है। अब 29 फरवरी तक उपभोक्ता ई-केवाईसी करवा सकते हैं। विभाग ने इसके बारे में समस्त उपमंडलों को निर्देश जारी कर दिए हैं। साथ ही डिपो संचालकों को निर्देश दिए हैं कि वे शत प्रतिशत ई-केवाईसी अंतिम तिथि से पहले सुनिश्चित बनाएं। जानकारी के मुताबिक चंबा में 73 प्रतिशत, भटियात में 70, सलूणी में 74, मैहला में 67, तीसा में 69, जबकि भरमौर में 56 प्रतिशत ई-केवाइसी हो पाई है। जिले में ओवरआल 67 प्रतिशत ईकेवाइसी हो पाई है। जनजातीय क्षेत्र पांगी में सिग्नल की दिक्कत होने के कारण ई-केवाइसी नहीं हो पा रही है। गौरतलब है कि पिछले करीब पांच माह से सरकार की ओर से ई-केवाईसी के बारे में निर्देश जारी किए हैं लेकिन अभी तक यह आंकड़ा शत प्रतिशत तक नहीं पहुंच पाया है। सरकार ने करीब चार बार तिथियां बढ़ाई हैं।
कार्यवाहक जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक पुरुषोत्तम चौहान का कहना है कि 29 फरवरी तक ई-केवाइसी करवाने की तारीख बढ़ाई गई है। जो उपभोक्ता ई-केवाइसी नहीं करवाएंगे, उनके राशन कार्ड अस्थायी तौर पर ब्लॉक हो सकते हैं।