चंबा। हिमाचल प्रदेश सरकार राज्य के लगभग दो लाख पेंशनरों की मांग को पूरा नहीं कर पा रही है। इसको लेकर राज्य के पेंशनरों में रोष है। शनिवार को पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन चंबा की बैठक हुई जिसकी अध्यक्षता प्रदेश प्रमुख प्रवक्ता पीसी ओबराॅय ने की। बैठक में कार्यकारिणी के पदाधिकारी तेज सिंह बिजलवान के निधन को लेकर सभी सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखा। इसके बाद पीसी ओबरॉय ने कहा कि 31 जनवरी को उपायुक्त चंबा के माध्यम से पेंशनरों की मांगों को पूरी करने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को ज्ञापन भेजा है लेकिन, पेंशनरों की मांगों का अभी तक निपटारा नहीं हुआ है। ओबराॅय ने कहा कि पेंशनरों की मांगें पूरी न होना लोकसभा चुनाव में भी भारी पड़ सकता है। कहा कि पेंशनरों के लाखों रुपये के बिल लटके हैं। इसके अलावा एक जनवरी 2016 से पहले सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को एरियर का भुगतान नहीं हुआ है। कहा कि ऐसी कई मांगें हैं, जो लंबित हैं। उन्होंने सरकार से मांग की है कि 25 फरवरी से पहले उनकी मांगों का निपटारा किया जाए। बैठक में लक्ष्मी चंद, प्रेम सिंह, पीएल ठाकुर, शक्ति प्रसाद, भीम सेन शर्मा, लेख राज ठाकुर, कमल कुमार शर्मा, ओम प्रकाश सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
पंकज सलारिया