तीन संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने भी चार लाख रुपये जुर्माने के लिए भेजी रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। करियां पंचायत में खुले में कचरा फेंकने वालों पर अब पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। पंचायत ने ऐसे लोगों की पहचान के लिए टीआरटी, करियां नाला और जुखराड़ी वार्ड के पास सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए हैं। इन स्थानों पर सबसे अधिक कचरा फेंके जाने से गंदगी फैल रही थी और पर्यावरण प्रदूषित हो रहा था।
पंचायत क्षेत्र में जगह-जगह कचरा फेंके जाने और उसके उचित निष्पादन में लापरवाही के चलते पंचायत को पहले भी जुर्माने की कार्रवाई का सामना करना पड़ा है। हाल ही में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने चार लाख रुपये का जुर्माना लगाने के लिए शिमला रिपोर्ट भेजी है। इसके बाद पंचायत ने निगरानी व्यवस्था मजबूत करने और खुले में कचरा फेंकने पर रोक लगाने के लिए यह कदम उठाया है।
पंचायत प्रधान दीपक राणा ने बताया कि स्वच्छता नियमों की अनदेखी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने लोगों से कचरा निर्धारित स्थानों पर डालने और पंचायत क्षेत्र को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।