कुगति में शिविर में मौजूद लोग।
- फोटो : अमर उजाला
प्रशासन ने कुगति पंचायत को अवैध शराब तस्करी से मुक्त करवाने का फैसला किया है। यह फैसला एसडीएम भरमौर डॉ. जितेंद्र कंवर ने किया है। उन्होंने कुगति पंचायत में आयोजित प्रशासन जनता के द्वार कार्यक्रम में महिलाओं की अवैध शराब बिक्री व तस्करी रोकने की मांग पर यह निर्णय लिया।
उन्होंने पुलिस को नियमित गश्त और पंचायत को इसकी सूचना पुलिस व उन्हें देने की बात कही। कार्यक्रम के दौरान पंचायत के लोगों की सामुदायिक व व्यक्तिगत 36 मामलों की सुनवाई की गई। जिसमें से 24 का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया। जबकि शेष बची समस्याओं का निपटारा करने के लिये संबंधित विभागों को निर्देश जारी किए गए। प्रशासन जनता के द्वार कार्यक्रम में कुगति में जैविक खेती को बढ़ाने की मांग की गई।
इसके अलावा कुगति गांव की महिलाओं द्वारा गांव में अवैध शराब का धंधा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। जिसके ऊपर कार्रवाई करते हुए उपमंडलाधिकारी जितेंद्र कंवर ने आबकारी एवं कराधान विभाग व पुलिस थाना प्रभारी भरमौर को आदेश जारी किए। जिसमें अवैध शराब का धंधा चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के आदेश जारी किए। कुगति पंचायत में पेयजल आपूर्ति की समस्या के मामले पर आईपीएच विभाग के अधिकारी ने बताया कि 56 लाख रुपये की लागत से बनाई गई जा रही पेयजल योजना के जल भंडारण टैंक का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है।
पेयजल योजना के शेष कार्य को तेज गति प्रदान की गई है। कार्यक्रम में उद्यान विभाग के अधिकारी को निर्देश देते हुए उपमंडलाधिकारी जितेंद्र कंवर ने कहा कि गत वर्ष कुगति में बादल फटने से हुए नुकसान की भरपाई किसानों को जल्द करवाई जाए। इसके अलावा वन विभाग को कुगति नाले में जल्द पैदल पुल का निर्माण करने के आदेश जारी किए। प्रशासन से स्थानीय लोगों ने कुगति पंचायत में बारहवीं कक्षा का स्कूल खोलने व गुरुकुल आवास योजना में हॉस्टल निर्माण करवाने की भी मांग की गई।
कुगति पंचायत में कार्तिक स्वामी मंदिर परिसर में सराय भवन का निर्माण किया जाए। जिसके लिए धनराशि भी स्वीकृत हो चुकी है। जिसका एसडीएम व तहसीलदार ने निरीक्षण किया है। कुगति पंचायत में भेड़ बकरी स्नानागार बनाने का प्रस्ताव डालने की भी मांग की गई। जिसको बनाने को लेकर सहायक निदेशक प्रजनन एवं पशुपालन द्वारा गांव वासियों को आश्वासन दिया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों सहित गांववासी मौजूद रहे।