सलूणी (चंबा)। विकाख खंड सलूणी की स्नूह पंचायत के दर्जनों गांवों को जल्द सड़क सुविधा नसीब होने वाली है। लोक निर्माण विभाग की ओर से चार करोड़ 62 लाख रुपये की लागत से सात किलोमीटर लंबी सड़क बनाई जा रही है। वर्तमान में सड़क का कार्य युद्धस्तर पर चला हुआ है। जल्द पंचायत के लोगों को सड़क सुविधा मिल जाएगी। इससे ग्रामीणों को सात किलोमीटर पैदल चलने की समस्या से भी निजात मिलेगी। सड़क बनाने के लिए ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और जिला मार्केट कमेटी अध्यक्ष डीएस ठाकुर का आभार प्रकट किया है।
स्नूह पंचायत के पूर्व प्रधान फारुखबट्ट रजवी, पूर्व बीडीसी अशरफ मांगरा, किहार के उपप्रधान विक्की कुमार, बीडीसी अध्यक्ष कंगना सेठी और उपाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि कैंथली से विदरोह तक सड़क बनाने के लिए ग्रामीण लंबे समय से मांग कर रहे थे। सड़क सुविधा न होने से लोगों को पैदल आवाजाही करनी पड़ती थी। लोगों के लिए बीमार व्यक्ति को स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाना मुश्किल होता था। ऐसे में सड़क बनने से ग्रामीणों को जहां सड़क सुविधा नसीब होगी, वहीं एंबुलेंस सहित अन्य वाहन पंचायत के गांवों तक पहुंच सकेंगे। वहीं, लोगों को बस सुविधा का भी लाभ मिल पाएगा।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सुरेश चंदेल ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत सड़क का निर्माण किया जा रहा है। सड़क का अस्सी प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। जल्द सड़क पर वाहनों की आवाजाही भी शुरू हो जाएगी।