विपणन बोर्ड के अध्यक्ष नीरज नैय्यर ने बताया कि प्रदेश सरकार ने चंबा की दो बड़ी मांगों को पूरा कर दिया है। मिंजर मेले के समापन मौके पर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह चंबा पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों की ओर से मुख्यमंत्री से चंबा अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती की मांग की थी। जिसे मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लागू कर दिया है।
प्रदेश सरकार ने चंबा अस्पताल के लिए दो विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती के निर्देश जारी किए हैं। इनमें से एक ऑर्थो सर्जन जबकि दूसरे नेत्र रोग विशेषज्ञ होंगे। उन्होंने कहा कि इन दोनों चिकित्सकों के चंबा में ड्यूटी ज्वाइन करने के बाद लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। नेत्र रोग से पीड़ित मरीजों को बाहर के अस्पताल में नहीं जाना पड़ेगा। इसके साथ ही मेडिकल कॉलेज अस्पताल को लेकर भी कदमताल तेजी से शुरू हो गया है। प्रिंसिपल की तैनाती के बाद सभी व्यवस्थाएं पटरी पर लौट रही हैं।
उन्होंने कहा कि आगामी सत्र से चंबा का मेडिकल कॉलेज अस्पताल शुरू होगा और तब तक प्रदेश सरकार सभी विशेषज्ञ चिकित्सकों के पद भर लेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने शुरूआत के तौर पर दो विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती कर चंबा के लोगों को मिंजर का तोहफा दे दिया है।