डलहौजी (चंबा)। पर्यटन स्थल डलहौजी के होटल और रेस्टोरेंट मालिकों से शातिरों ने अपने आप को सेना का जवान बताकर धोखाधड़ी का नया तरीका निकाला है। होटल और रेस्टोरेंट मालिकों को दूरभाष नंबर 88871-02484 से कॉल पर खाने के ऑर्डर दिए जा रहे हैं। साथ ही ऑनलाइन भुगतान करने की बात कहते हुए उनके खाता नंबरों की जानकारी मांगी जा रही है। पुलिस विभाग के संज्ञान में मामला आने के बाद विभाग ने सभी होटलियर और रेस्टोरेंट मालिकों को सचेत रहने के लिए आगाह किया है।
शातिर खाने का ऑर्डर देने के बाद रेस्टोरेंट मालिक से कह रहे हैं कि उन्हें बाद में एक ओटीपी आएगा जिसे बताने पर उनके खाते में खाने के पैसे जमा हो जाएंगे। ये शातिर अपने आप को डलहौजी कैंट में ही सेना का जवान बताकर धोखाधड़ी करने की फिराक में रहते हैं। शातिरों के इस तरह के ठगी के नए तरीके के बाद पुलिस विभाग भी मुस्तैद हो गया है।
डीएसपी विशाल वर्मा ने कहा कि ऐसा मामला संज्ञान में आया है। उन्होंने होटल और रेस्टोरेंट मालिकों से इस प्रकार की ठगी होने से बचने की बात कही है। होटल एसोसिएशन के उपाध्यक्ष करण मोंगा का कहना है कि कोविड के बाद बदले हालातों में अब इस प्रकार की धोखाधड़ी होटल कारोबारियों के लिए नुकसानदायक साबित हो सकती है। उन्होंने सचेत रहने की बात कही है।