चंबा। जनसाली-आईटीआई मार्ग पर सीवरेज चैंबर से लीक हो रही गंदगी से सड़क पर परेशानी बढ़ गई है। इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को रूमाल से नाक बंद करना मजबूरी बन गया है। यह समस्या पिछले चार दिन से बनी हुई है, लेकिन नगर परिषद चंबा और जल शक्ति विभाग की ओर से अब तक कोई सुधार नहीं किया गया है। इस मार्ग से एमबीबीएस प्रशिक्षु, आईटीआई प्रशिक्षु, विद्यार्थियों और अन्य नौकरीपेशा लोगों का नियमित आवागमन रहता है। गंदगी के कारण इन सभी को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार स्कूली बच्चों की वर्दियां भी गंदगी से खराब हो चुकी हैं। स्थानीय निवासी और विद्यार्थियों ने इस समस्या को लेकर नगर परिषद उपाध्यक्ष और जलशक्ति विभाग के सहायक अभियंता से समाधान की अपील की है।
जनसाली-आईटीआई मार्ग पर हर दूसरे या तीसरे महीने सीवरेज चैंबर लीक होकर गंदगी सड़क पर बहती है। हैरत की बात है कि अत्यधिक व्यस्त रहने वाले इस मार्ग की सुध लेने के लिए न तो नगर परिषद और न ही जल शक्ति विभाग जहमत उठा रहा है। गंदगी से गुजरना बच्चों के लिए परेशानियां खड़ी करता है।
-प्रकाश चंद, मोहल्लावासी
मोहल्ले के इस मार्ग से होकर एमबीबीएस प्रशिक्षु, आईटीआई प्रशिक्षु, मोहल्लावासी और अन्य राहगीरों की आना-जाना लगा रहता है। लेकिन, सड़क पर बहने वाली गंदगी में लोगों को रूमाल से नाक बंद कर ही गुजरना पड़ रहा है। विभाग को प्राथमिकता के आधार पर इस ओर ध्यान देना चाहिए।
-वंदना देवी, मोहल्लावासी
जिला मुख्यालय चंबा पहुंचने के लिए आईटीआई मार्ग शॉर्टकट है। लेकिन, मार्ग पर बीते चार दिन से सीवरेज की गंदगी बह रही हैं। जिस वजह से लोगों को आवाजाही करने में दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। समयानुसार समस्या का समाधान न हुआ तो महामारी भी फैल सकती है।
काजल ठाकुर, विद्यार्थी
मोहल्ले में सीवरेज चैंबर ओवर फ्लो होने की समस्या हर माह सामने आती रहती है। गंदगी सड़क पर बहने से पूरे मोहल्ले में बदबू फैली रहती है। इससे लोगों को घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो चुका है।
सन्नी राजपूत, मोहल्लावासी
मामला ध्यान में लाया गया है। इस बारे जल शक्ति विभाग के ठेकेदार से संपर्क कर समस्या समाधान के निर्देश दिए गए हैं।
सीमा कश्यप, उपाध्यक्ष नगर परिषद, चंबा
मामला ध्यान में लाया गया है। शुक्रवार को ठेकेदार की लेबर को भेजकर समस्या को हल करवा दिया जाएगा।
दीपक भारद्वाज, सहायक अभियंता, जलशक्ति विभाग चंबा