इस माह नहीं मिला राशन, फरवरी में मिलेगा दोगुना
बच्चों के फेस मिस मैच होने से हुई परेशानी
जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने ब्लॉक राशन कार्ड उपभोक्ताओं को दी राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। बच्चों के फेस ई-केवाईसी के दौरान मिस मैच होने से निराश राशन कार्ड उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। इन उपभोक्ताओं के राशन कार्ड अब अनब्लॉक होंगे। सरकार ने पांच साल से कम बच्चों के फेस मैच न होने पर उपभोक्ताओं को राहत दी है। उपभोक्ता ब्लॉक हुए राशन कार्डों को जहां विभाग के कार्यालय में जाकर अनब्लॉक करवा सकते हैं तो वहीं, दूसरी तरफ विभाग की ओर से डिपो होल्डर को इस शर्त से बंद हुए राशन कार्ड धारकों की सूची तैयार करने के आदेश दिए हैं। साथ ही इसे कार्यालय भेजने के बारे में कहा गया है। वहीं, राशन कार्ड उपभोक्ताओं को अगले माह फरवरी के साथ-साथ जनवरी का भी राशन एकसाथ मिलेगा।
जानकारी के मुताबिक जिले में ई-केवाईसी की प्रक्रिया को विभाग पूरा करने में जुटा है लेकिन बच्चों की ई-केवाईसी के दौरान फेस मैच न होने के मामले सामने आ रहे हैं। बहरहाल, सरकार ने अब पांच साल से कम बच्चों की ई-केवाईसी के लिए छूट दी है। गौरतलब है कि जिले में बीस हजार से अधिक राशन कार्ड ब्लॉक हुए हैं। इनमें से करीब तीन हजार ऐसे राशन कार्ड धारक हैं, जिनके बच्चों के फेस मिस मैच हो रहे थे। बहरहाल, विभाग की ओर से इन राशन कार्डों को अनब्लॉक किया जा रहा है।
कार्यवाहक जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक पुरुषोत्तम सिंह ने बताया कि जनवरी में जिन उपभोक्ताओं को राशन नहीं मिला है, ऐसे उपभोक्ताओं को फरवरी में डबल राशन दिया जाएगा। पांच साल से कम आयु के बच्चों को ई-केवाईसी में छूट दी गई है। विभाग राशन कार्ड अनब्लॉक कर रहा है।