चंबा। धनतेरस को लेकर जिला मुख्यालय चंबा के बाजारों में रौनक लौट आई है। सोने-चांदी केसाथ बर्तनों की दुकानों पर भी ग्राहकों की आवाजाही बढ़ने लगी है। धनतेरस पर सोना-चांदी और नए बर्तन खरीदना शुभ माना जाता है। हालांकि लोगों ने सोने के सिक्कों, ब्रेसलेट और चंद्रहार की एडवांस बुकिंग करवा स्वर्णकारों के चेहरों पर रौनक ला दी है। बढ़े हुए सोने-चांदी के दामों का भी ग्राहकों की खरीदारी पर कोई असर नहीं दिख रहा। वहीं, बर्तन कारोबारियों को भी शनिवार को कारोबार के चमकने की उम्मीद है।
स्वर्णकारों के कारीगर दिन-रात जुटे हैं, ताकि धनतेरस पर ग्राहकों की डिमांड पूरी की जा सके। प्राकृतिक आपदा के कारण कुछ समय तक धीमा पड़ा कारोबार अब पटरी पर लौट रहा है। स्वर्णकारों, बर्तन विक्रेताओं और कॉस्मेटिक दुकानदारों को इस पर्व पर लाखों के कारोबार की उम्मीद है।
बाजार धनतेरस को लेकर पूरी तरह सज चुका है। सोने के सिक्के, ब्रेसलेट और चंद्रहार की एडवांस बुकिंग मिल चुकी है। कारीगर पूरी मेहनत से आभूषण तैयार कर रहे हैं। -जीतेंद्र अग्रवाल, स्वर्णकार
सोने-चांदी के दाम बढ़ने के बावजूद ग्राहकों का रुझान बरकरार है। दुकानों पर भीड़ बढ़ रही है और धनतेरस पर कारोबार में और बढ़ोतरी की उम्मीद है। -सतनाम ग्रोवर, स्वर्णकार
धनतेरस पर सोने और चांदी के सिक्कों की एडवांस बुकिंग पहुंच चुकी है। दाम बढ़ने का कोई असर नहीं पड़ा, लोग पहले की तरह खरीदारी कर रहे हैं। -ऋषि कपूर, स्वर्णकार
आपदा के बाद कारोबार कुछ धीमा पड़ा था, लेकिन अब एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। धनतेरस पर कारोबार में इजाफे की उम्मीद है। -पुलकित महाजन, स्वर्णकार
जीएसटी दरों में कटौती के बाद बर्तनों के दामों में 50 से 200 रुपये तक की कमी आई है। इससे कारोबार में तेजी आई है। - मयूर महाजन, बर्तन विक्रेता
बर्तनों के दाम घटने से लोगों का रुझान बढ़ा है। धनतेरस पर कारोबार में बढ़ोतरी की पूरी उम्मीद है। -प्रकाश कुमार, बर्तन विक्रेता