खज्जियार (चंबा)। विश्व प्रसिद्ध रमणीक पर्यटन स्थल खज्जियार में अव्यवस्था को देखकर विधानसभा कोर कमेटी के अध्यक्ष जगत सिंह नेगी तल्ख दिखे। पर्यटन स्थल के सौंदर्यीकरण को लेकर पांच वर्ष पहले दिए गए निर्देशों के बावजूद विकास कार्य न होने पर नाराजगी जाहिर करते हुए वन्य प्राणी विभाग के वन मंडलाधिकारी को 30 जून को उन्होंने शिमला तलब किया है। यहां पर खज्जियार में चल रही अव्यवस्था को लेकर उनसे पूछताछ हो सकती है। कृषि और राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने हैरानी जताते हुए कहा कि पांच वर्ष पहले प्राकृतिक खज्जियार झील के सौंदर्यीकरण को लेकर दिए गए निर्देशों के बावजूद वन्य प्राणी विभाग ने इस पर अमल नहीं किया है।
इस दौरान मंत्री ने झील के पानी की निकासी को सही करने के निर्देश भी विभागीय अधिकारी को दिए। इसके अलावा जहां पर गंदा पानी एकत्रित होता रहता है उसकी निकासी के लिए भी उचित प्रबंध करने की बात कही। इस दौरान मंत्री ने खज्जियार में मेन चौक बनाने की भी बात कही। इसके साथ ही खज्जियार मैदान में पसरी रहने वाली गंदगी के निष्पादन के लिए भी उचित कदम उठाने के निर्देश दिए। मंत्री ने 48 लाख खर्च करने के बाद भी धरातल पर विकास कार्य न होने पर हैरानी जाते हुए विभागीय अधिकारियों की क्लास ली। उन्होंने खज्जियार-चंबा मार्ग को चौड़ा करने के लिए 15 करोड़ का टेंडर होने के बाद भी कार्य न होने पर हैरानी जताते हुए विभागीय अधिकारियों को लताड़ लगाई। इस मौके पर इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, भरमौर-पांगी के विधायक डाॅ. जनकराज, चुराह के विधायक हंसराज, डलहौजी के विधायक डीएस ठाकुर, एसडीएम अरुण कुमार समेत वन्य प्राणी विभाग का स्टाफ मौजूद रहा।