क्षेत्र के विकास में योगदान को सम्मान देने के लिए युवाओं ने उठाई आवाज
पार्क के नाम से जीवंत रहेगी चंद्रमणि कुलेठी की स्मृति
संवाद न्यूज एजेंसी
होली (चंबा)। क्षेत्र के विकास और जनहित के कार्यों में योगदान देने वाले चंद्रमणि कुलेठी की स्मृति को सहेजने के लिए स्थानीय युवाओं ने होली स्थित ईको पार्क का नाम उनके नाम पर रखने की मांग उठाई है।
युवाओं का कहना है कि पार्क का नाम चंद्रमणि कुलेठी के नाम पर रखकर उनके योगदान को स्थायी पहचान दी जा सकती है।
गौरतलब है कि बीती बुधवार रात को इसी ईको पार्क में झंडा लगाते समय करंट लगने से चंद्रमणि कुलेठी की मौत हो गई थी। इस घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई थी। अब युवा चाहते हैं कि पार्क का नाम उनके नाम पर रखकर उनकी याद को हमेशा के लिए संजोया जाए।
युवाओं के अनुसार चंद्रमणि ने होली क्षेत्र के विकास से जुड़े कई कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई। मणिमहेश यात्रा के दौरान होली से हवाई सेवा शुरू करवाने के प्रयासों सहित विभिन्न जनहित के कार्यों में उनका योगदान रहा। ऐसे में ईको पार्क का नामकरण उनके प्रति सम्मान व्यक्त करने का एक सार्थक माध्यम हो सकता है। इससे आने वाली पीढ़ियों को भी उनके कार्यों और क्षेत्र के प्रति समर्पण की जानकारी मिलती रहेगी।
महेश कुमार, सन्नी कुमार, श्याम शर्मा, ठाकुर सिंह, संजय कुमार, राकेश कुमार और रंजीत सहित अन्य युवाओं ने प्रशासन से मांग की है कि होली ईको पार्क का नाम चंद्रमणि कुलेठी पार्क रखा जाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लिए उनके योगदान को सम्मान देते हुए उनकी स्मृति को स्थायी पहचान दिलाने की पहल की जानी चाहिए।