भाजपा नेता जय सिंह ने उठाए सवाल, बिजली बोर्ड ने तकनीकी खराबी को बताया कारण
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के चंबा दौरे के दौरान लिल्ह में आयोजित कार्यक्रम में संबोधन के समय बिजली गुल होने पर विवाद खड़ा हो गया है। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जय सिंह ने बिजली बोर्ड के अधिशासी अभियंता हंस राज से मुलाकात कर मामले की जांच और जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
जय सिंह ने आरोप लगाया कि जयराम ठाकुर का संबोधन शुरू होते ही बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जो करीब 18 मिनट बाद बहाल हुई। उन्होंने आशंका जताई कि अधिकारियों के निर्देश पर फील्ड स्टाफ ने जानबूझकर बिजली काटी, ताकि संबोधन में बाधा आए। उन्होंने दावा किया कि भटियात में भी जयराम ठाकुर के संबोधन के दौरान ऐसी घटना हुई थी। जय सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द जांच करवाने की मांग की।
वहीं, अधिशासी अभियंता हंस राज ने जानबूझकर बिजली काटने के आरोपों को नकारा। उन्होंने बताया कि लिल्ह में तकनीकी खराबी के कारण तारों में आग सुलगने लगी थी। सुरक्षा के मद्देनजर आपूर्ति बंद करनी पड़ी, जिसे करीब 10 मिनट बाद बहाल कर दिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिजली जानबूझकर नहीं काटी गई थी।
-