चंबा। कोरोना की चौथी लहर में चंबा में 50 वर्षीय व्यक्ति के रूप में पहली मौत दर्ज हुई है। मरने वाला व्यक्ति नगर परिषद चंबा के सुल्तानपुर वार्ड के ओबड़ी मोहल्ला का रहने वाला था जो कोरोना संक्रमण के साथ कैंसर से भी पीड़ित था। मरीज की कीमोथैरेपी भी साथ चल रही थी लेकिन मंगलवार को सुबह उसे कोविड अस्पताल में आखिरी सांस ली। स्वास्थ्य विभाग ने कोविड प्रोटोकाॅल के तहत शव को परिजनों के सुपुर्द किया। व्यक्ति 14 अप्रैल को रैपिड टेस्ट के दौरान कोरोना संक्रमित निकला था। कोविड अस्पताल में उसका चार दिनों से उपचार किया जा रहा था लेकिन उसकी सेहत में ज्यादा सुधार नहीं हो पा रहा था। हालांकि विशेषज्ञ उसके इलाजज को लेकर हरसंभव प्रयास कर रहे थे। मंगलवार को सुबह के समय जैसे ही उसकी मौत की खबर जिले में फैली तो लोगों में एक बार फिर से कोरोना का डर बढ़ गया। सरकार और विभाग पिछले कुछ दिनों से लोगों को कोरोना के संक्रमण के बारे में सचेत कर रहे थे। बावजूद इसके लोग कोरोना के प्रति गंभीरता नहीं दिखा रहे थे। ऐसे में अब लोगों को कोरोना का डर सताने लगा है।
मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने जिले भर में 305 लोगों के सैंपल लेकर कोरोना जांच की। इसमें 23 लोग कोरोना संक्रमित निकले। 23 मरीजों ने कोरोना को मात देने में सफलता पाई। जिले में अब कोरोना के 87 सक्रिय मरीज बचे हैं। जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉक्टर हरित पुरी ने बताया कि कोरोना से चंबा में 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत हुई है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे कोविड नियमों की पालना करने में किसी प्रकार का गुरेज न करें अन्यथा आगामी दिनों में हालात बेकाबू भी हो सकते हैं।