सरोल (चंबा)। भद्रम जीरो प्वाइंट के पास एक भेड़पालक का शव मिला है। मृतक की पहचान तिलक चंद पुत्रमोहन गांव मंगलोग के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने दोपहर बाद खेतों में शव पड़ा देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहीं, धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
गर्मी बढ़ने के साथ ही अब भेड़पालक मैदानी क्षेत्रों से पहाड़ी क्षेत्रों का रुख करने लग पड़े हैं। खबाली जा रहे भेड़पालकों ने आजकल हरिपुर में डेरा डाला हुआ है। मंगलवार शाम के समय भद्रम जीरो प्वाइंट के पास खेतों में लोगों ने एक व्यक्ति का शव देखा। इसके बारे में बीडीसी चेयरमैन गुरुदेव को सूचना दी गई। उन्होंने शव के बारे में पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया। बुधवार को मृतक का पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंपा जाएगा।