डलहौजी (चंबा)। डलहौजी-खज्जियार मार्ग पर लक्कड़ मंडी के पास हिमखंड गिरने से आधा घंटा यातायात ठप रहा। दोपहर के समय अचानक हिमखंड टूटकर सड़क पर आ गिरा। गनीमत यह रही कि कोई भी वाहन या राहगीर इसकी चपेट में नहीं आया। वहीं, मार्ग बंद होने से एक दर्जन पर्यटक और एक बस वहां फंस गई।
स्थानीय लोगों ने मार्ग बंद होने की सूचना डलहौजी प्रशासन को दी। प्रशासन ने तुरंत लोनिवि को मार्ग बहाल करवाने के आदेश दिए। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई और आधे घंटे के बाद सड़क पर पड़ी बर्फ को हटा दिया गया। उसके बाद ही वाहनों की आवाजाही सुचारु हो पाई। गौरतलब है कि यह सड़क पिछले कई दिनों से बर्फबारी की वजह से बंद पड़ी थी। हाल ही में लोनिवि ने मार्ग पर यातायात बहाल करवाया है। बुधवार को कई पर्यटक लक्कड़ मंडी से वापस डलहौजी लौट गए। कुछ पर्यटक थोड़ा इंतजार करने के उपरांत खज्जियार के लिए रवाना हो पाए। एसडीएम जगन ठाकुर ने बताया कि मार्ग को यातायात के लिए बहाल करवा दिया है।