सीटी स्कैन मशीन के वर्चुअल शुभारंभ के मौके पर बचत भवन चंबा में मौजूद सदर विधायक पवन नैयर व अन्य।
- फोटो : Chamba
चंबा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय चंबा में पांच करोड़ से स्थापित सीटी स्कैन मशीन का शुभारंभ किया। इसके साथ ही उन्होंने चुवाड़ी और चंबा में ऑक्सीजन उत्पादन संयंत्र का भी शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री की ओर से वर्चुअल उद्घाटन करने के बाद चंबा में आयोजित कार्यक्रम में विधायक पवन नैयर ने मुख्यमंत्री की तरफ से शुभारंभ की रस्म निभाई। इसी तरह चुवाड़ी में आयोजित कार्यक्रम में विधानसभा में मुख्य सचेतक एवं स्थानीय विधायक बिक्रम सिंह जरयाल ने शुभारंभ रस्म को पूरा किया। इस दौरान एलईडी के माध्यम से शिमला से प्रसारित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की स्वास्थ्य विभाग की तीन महत्वाकांक्षी योजनाओं मिशन दृष्टि, क्षय रोग निवारक उपचार और स्कूल एंड हेल्थ वेलनेस कार्यक्रम का भी अवलोकन किया गया।
विधायक पवन नैयर ने कहा कि मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में जिले में अभूतपूर्व विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। मेडिकल कॉलेज में सीटी स्कैन मशीन के शुभारंभ से जिले की करीब 6 लाख की आबादी को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
जल्द एमआरआई मशीन भी कार्यशील हो जाएगी। इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य रमेश भारती ने कार्यक्रम में मौजूद सभी गण्यमान्य लोगों का आभार जताया। उन्होंने महाप्रबंधक प्रभारी चमेरा दो और तीन एसके संधू का चमेरा प्रबंधन की ओर से सीटी स्कैन और एमआरआई मशीन के लिए सीएसआर के तहत बहुमूल्य योगदान देने के लिए भी आभार व्यक्त किया।