हिमगिरी के कुंडी नाला में खस्ताहाल डंगा
हिमगिरी (चंबा)। हिमगिरि क्षेत्र के कुंडी नाला में पक्का डंगा न होने के कारण बड़े वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। नाले की खराब स्थिति के चलते वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर बारिश के दिनों में यहां से गुजरना जोखिम भरा बन जाता है। हिमगिरी, पंझैई, आयल, बणतंर सहित भलोड़ी पंचायतों के लोगों की इसी मार्ग से आवाजाही रहती है। ग्रामीणों ने बताया कि 25 सितंबर 2025 में प्राकृतिक आपदा के दौरान सड़क का डंगा और पुली मलबे की जद में आने से जमींदोज हो गई है। इसके बाद लोक निर्माण विभाग की ओर से अस्थायी तौर पर वाहनों की आवाजाही के लिए मार्ग बहाल किया गया है लेकिन अभी भी इस मार्ग से होकर गुजरना खतरे से खाली नहीं है। कुंडी नाला में अस्थायी तौर पर डंगा लगाया गया है। आगामी दिनों में बरसात के दौरान यह अस्थायी डंगा कभी भी जमींदोज हो सकता है।
स्थानीय ग्रामीणों विनोद ठाकुर, सुरेश शर्मा, खेती राम, प्रेम लाल, सिंघू राम, सुरेश सोनी, मान सिंह आदि ने बताया कि लंबे समय से नाले के किनारे पक्का डंगा लगाने की मांग की जा रही है लेकिन अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। बड़े वाहनों को मोड़ने और निकलने में परेशानी होती है, जिससे कई बार जाम जैसी स्थिति भी पैदा हो जाती है। उधर, लोक निर्माण विभाग उपमंडल नकरोड़ के जेई सुनील शर्मा ने बताया कि कुंडी नाला में सुधार कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर दी गई है। विभाग की ओर से जल्द कार्य शुरू किया जाएगा।