भटियात उपमंडल के रायपुर गांव में दर्दनाक हादसे में 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक रंजूू निवासी रायपुर ट्रक से मारबल उतार रहा था। अचानक मारबल का ढेर उस पर गिरा और वह ट्रक के अंदर ही दब गया। हादसे में उसकी मौत हो गई।
युवक की मौत होने के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने मामला कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मंगलवार सुबह रंजू ट्रक से मारबल उतार रहा था। अचानक ट्रक के अंदर रखे मारबल के ढेर से मारबल का एक भारी भरकम टुकड़ा गिरा।
इससे रंजू को टांग पर चोट आई। चोट आने से वह गिर गया और ऊपर से मारबल का पूरा ढेर गिर गया जिसमें वह दब गया। इससे उसकी मौके पर मौत हो गई। यह सब इतनी जल्दी हुआ कि बचाव कार्य का मौका ही नहीं मिला।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। घटनास्थल पर लोगों के बयान भी कमलबद्ध किए। पुलिस ने चुवाड़ी अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवा कर अंतिम संस्कार के लिए भेज दिया है।
एसपी चंबा विरेंद्र तोमर ने कहा कि पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। भादंसं की धारा 174 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मृतक के परिजनों और घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने हादसे में युवक की जान चले जाने के बयान दिए हैं। एसडीएम भटियात अश्वनी सूद ने प्रशासन की ओर प्रभावित परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए पांच हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की है।