प्रशिक्षित कला स्नातक अध्यापकों ने प्रदेश सरकार से बैच आधार पर पदों को भरने की मांग की है। अनुसूचित जाति व जनजाति से जुड़े टीजीटी के पदों को लंबे अरसे से नहीं भरा गया है जिससे इस वर्ग में आक्रोश पनप रहा है।
प्रशिक्षित कला स्नातक अध्यापकों ने बताया कि एससी और एसटी से जुड़े प्रशिक्षित शिक्षकों की उम्र 45 वर्ष तक पहुंच चुकी है और इन्होंने टैट भी पास कर रखा है लेकिन उन्हें नियुक्ति नहीं मिल पा रही है। इस वजह से उन्हें मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि शिक्षा विभाग पूर्व सैनिकों की श्रेणी में बैच आधार पर भर्ती कर रहा है। उसी आधार पर एससी और एसटी वर्ग की तैनाती भी की जानी चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से मांग की है कि एससी और एसटी वर्ग को बैच आधार पर नियुक्तियों के निर्देश जारी किए जाएं। इस मौके पर कुलदीप, जगदीश, सुरेंद्र, पंकज, स्नेहा, भारती, रेखा, बंधु व सपना मौजूद थे।