भाषा एवं संस्कृति विभाग और भूरि सिंह संग्रहालय के सौजन्य से कला एवं शिल्प मेले का शुभारंभ किया गया। इसका उद्घाटन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कुलवंत सिंह ने किया। इस मौके पर हिमाचल संग्रहालयाध्यक्ष महेंद्र सिंह नेगी, पंजीकरण अधिकारी हरी चौहान, चंबा म्यूजियम अध्यक्ष सुरेश नड्डा, प्रसिद्घ चित्रकार विजय शर्मा, पूर्व संरक्षक अधिकारी विनय शर्मा व तकनीकी सहायक सुरेंद्र ठाकुर मुख्य रूप से मौजूद रहे।
चंबा म्यूजियम के अध्यक्ष सुरेश नड्डा ने बताया कि यह शिल्प मेला तीन से सात फरवरी तक चलेगा। इस मेले में चंबा जिला के तेरह विभिन्न कलाओं के शिल्पी एवं कलाकार भाग ले रहे हैं। कला विधाओं को पुनर्जीवित व संरक्षण प्रदान करने के लिए प्रदेश भर में ऐसे आयोजन किये जाते हैं। विभाग द्वारा शिमला के गेयटी थियेटर में हर वर्ष नृत्य, संगीत, कला व दृश्य कला पर कार्यशालाओं और कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है।