विकास खंड सलूणी की ग्राम पंचायत किलोड़, सूरी, खरल, सलूणी पंचायत के स्थानीय निवासियों ने सड़क को पक्का करने की मांग की है। चार पंचायतों के लिए बनाई गई जीप योग्य सड़क की हालत इतनी खस्ता हो चुकी है कि इस मार्ग से वाहन चालक वाहन ले जाने से कतरा रहे हैं।
करीब 14 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर गड्ढों की भरमार हो चुकी है। सड़क की हालत खराब होने के कारण लोगों को सड़क सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। यहां तक इन पंचायतों को 108 एंबुलेंस की सुविधा भी नहीं मिल पा रही है।
ग्रामीणों मान सिंह, प्रीतम, चतर सिंह, चैन लाल, जय सिंह, चमन सिंह और लेखराज ने बताया कि यदि जल्द ही इस सड़क को पक्का नहीं किया गया तो वे जिला प्रशासन के कार्यालय में आकर धरना प्रदर्शन करेंगे।
उन्होंने कहा कि सड़क की चौड़ाई बहुत कम है, इसलिए सड़क से छोटे वाहन भी बड़ी मुश्किल से गुजरते हैं। यह सड़क वन विभाग के अधीन होने के कारण लोनिवि सड़क का कार्य नहीं कर पा रहा है। इसका खामियाजा स्थानीय लोगों को उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण कई बार वन विभाग से इस सड़क की हालत को सुधारने के लिए मिल चुके हैं लेकिन हर बार उन्हें निराशा ही हाथ लगी है।
उधर, लोनिवि के अधिशाषी अभियंता डीएस पठानिया ने बताया कि यह सड़क वन विभाग के अधीन आती है जैसे ही उन्हें एनओसी मिलेगी सड़क का कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।