मैहला पंचायत के लोगों ने पंचायत चुनाव में कूड़ा संयंत्र का मुद्दा उठाया है। ग्रामीण कुरांह में बने कूड़ा संयंत्र से इतने दुखी हो चुके हैं कि उन्होंने पंचायत चुनाव में कुरांह से कूड़ा संयंत्र हटाने वाले उम्मीदवार को मत देने का निर्णय ले लिया है।
ग्रामीणों बिशन सिंह, रमेश, राजेश, देश राज, अनिल, अशोक कुमार, प्यार चंद, मनोज कुमार, रोशन लाल और देवी सिंह ने बताया कि कुरांह में बने कूड़ा संयंत्र से आसपास के लोगों को समस्या पेश आ रही है। कूड़ा संयंत्र का गंदा धुआं उनके गांव तक पहुंच रहा है।
इसके कारण बीमारी होने का अंदेशा बना रहता है। इसके अलावा कूड़ा संयंत्र में इतनी बदबू फैली रहती है कि नाक पर रुमाल रखे बिना उस मार्ग से गुजरना मुश्किल हो जाता है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण संयंत्र को हटाने के लिए कई बार प्रशासन व सरकार के नुमाइंदों से गुहार लगा चुके हैं। मैहला पंचायत के ग्रामीणों ने फैसला लिया है कि पंचायत चुनाव में जो उम्मीदवार कूड़ा संयंत्र को कुरांह से हटाने का समर्थन करेगा उसी उम्मीदवार को ग्रामीण मत डालेंगे।
ग्रामीणों ने पंचायत प्रधान, उपप्रधान, वार्ड मेंबर, जिप सदस्य और बीडीसी सदस्य के सभी उम्मीदवारों को मत देने के लिए कूड़ा संयंत्र हटाने की शर्त रखी है।