हाइड्रो पावर कूड़था प्रबंधक के खिलाफ मजदूरों का एक प्रतिनिधिमंडल एडीएम शुभकरण सिंह से मिला। जिला मजदूर संघ के प्रधान जय सिंह ने बताया कि हाइड्रो पावर कूड़था प्रबंधन मजदूरों को काम से निकालने की धमकी दे रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों से मजदूर हाइड्रो पावर कूड़था में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस स्थान पर यह प्रोजेक्ट बनाया जा रहा है वहां पर स्थानीय लोगों की जमीनें भी गई हैं।
उन्होंने कहा कि प्रोजेक्ट निर्माण के बाद स्थानीय लोगों के चारागाह खत्म हो चुके हैं। लोगों को पशुओं के लिये चारा इकठ्ठा करना मुश्किल होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि कंपनी प्रबंधन ने मजदूरी पर रखते समय उन्हें आश्वासन दिया था कि उन्हें चालीस वर्ष की नौकरी से पहले नहीं निकाला जायेगा, लेकिन अब कंपनी प्रबंधन अपने किये हुए वायदे से मुकर रहा है। उन्होंने कहा कि अगर कंपनी ने उन्हें नौकरी से निकाल दिया तो उन्हें परिवार का पालन पोषण करना मुश्किल हो जायेगा।
उन्होंने एडीएम शुभकरण सिंह से आग्रह किया कि वह कंपनी प्रबंधन से मजदूरों को नौकरी से नहीं निकालने के दिशा निर्देश जारी करें। उन्होंने कहा कि अगर वीरवार को कंपनी प्रबंधन मजदूरों को नौकरी से निकालती है तो मजदूर संघ प्रबंधन व जिला प्रशासन के खिलाफ धरना प्रदर्शन व चक्का जाम करेगा। इस मौके पर जिप सदस्य नितिमा नीरू रसीलू, किशोरी, आसू, कर्मू, अंग्रेजू, छांगा, ज्ञान, नरेश, हाकम, धर्म सिंह, नेको व हुसैन अली मौजूद रहे।