चुराह विधानसभा क्षेत्र की सनवाल पंचायत में मतदान के दौरान उस समय तनाव पैदा हो गया, जब मतदान केंद्र में पहुंचे एक उम्मीदवार ने बूथ के अंदर बैठने की जिद्द पकड़ ली। यह उम्मीदवार मतदान केंद्र के अंदर बैठना चाहता था जबकि नियम के हवाला देकर तैैनात कर्मचारी उसे बाहर बैठने की सलाह दे रहे थे।
काफी देर तक चली इस गहमागहमी से तनाव बढ़ता देख चुनाव अधिकारी ने खंड विकास अधिकारी को मामले की सूचना दे दी। इसके बाद मौके पर पुलिस की मदद से मामले को शांत करवाया गया। पुलिस ने किसी तरह उम्मीदवार को मतदान केंद्र के बाहर भेजा। हालांकि इस दौरान मतदान केेंद्र पर काफी शोरशराबा हुआ। सनवाल पंचायत के इस मतदान केंद्र में चुनावी प्रक्रिया व्यवधान के बावजूद पूरी करवाई गई है।
उधर, खंड विकास अधिकारी तीसा सन्नी शर्मा का कहना है कि सनवाल पंचायत में कुछ देर के लिए तनातनी हुई थी लेकिन बाद में माहौल शांत हो गया था। उन्होंने बताया कि इस केंद्र पर इसके बाद कोई घटना नहीं हुई है। इसके अलावा अन्य मतदान केंद्रों में भी शांति पूर्वक मतदान हुआ है।