भाजपा के खेमे में क्रॉस वोटिंग की वजह से कांग्रेस चंबा में जिला परिषद अध्यक्ष की कुर्सी हासिल करने में कामयाब रही। आशा कुमारी के कट्टर समर्थक धर्म सिंह पठानिया चंबा के नए जिप अध्यक्ष चुने गए हैं। उनकी कुर्सी का फैसला शनिवार को पर्ची के माध्यम से हुआ। इससे पूर्व सभी 18 जिला परिषद सदस्य सदन में पहुंचे थे। इनमें से 10 पर भाजपा ने अपना दावा जताया था और उन्हें अध्यक्ष पद मिलने की उम्मीद भी थी। इसी उम्मीद में दोनों ही राजनीतिक दलों के सिपहसलार बचत भवन में बाहर मौजूद थे।
सदन के अंदर भाजपा की ओर से राकेश कुमार जबकि कांग्रेस की ओर से धर्म सिंह पठानिया ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन भरे। अध्यक्ष पद के लिए हुए मतदान में दोनों पार्टियों के जिलापरिषद सदस्यों को नौ-नौ वोट पड़े। मुकाबला बराबरी पर छूटने के बाद उपायुक्त ने लॉटरी का सहारा लिया। जिसमें दोनों के नाम की पर्ची डिब्बे में डाली गई और इसमें से एक पर्ची बाहर निकाली गई। बाहर निकाली गई पर्ची पर धर्म सिंह पठानिया का नाम लिखा था। उसके बाद उपाध्यक्ष पद के लिए भी चुनाव हुए। इसमें भाजपा की ओर से किरण बाला जबकि कांग्रेस की ओर से सुभाष कुमार ने नामांकन भरा। उपाध्यक्ष पद के लिए हुए मतदान में भाजपा समर्थित किरण बाला को दस जबकि कांग्रेस समर्थित सुभाष कुमार को सात ही वोट पड़े। उपाध्यक्ष पद पर एक वोट रद्द माना गया।
चुनाव के बाद बाहर निकले भाजपा जिलापरिषद सदस्यों ने एक-दूसरे पर क्रॉस वोटिंग के आरोप भी लगाए। साथ ही उपाध्यक्ष भाजपा समर्थित होने की खुशी में चंबा शहर में विजय रैली भी निकाली। जबकि कांग्रेस पार्टी से जुड़े कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया। कुछ समय के लिए बचत भवन के बाहर माहौल तनावपूर्ण बना रहा। जब दोनों ही राजनीतिक पार्टियों के कार्यकर्ता एक-दूसरे के पक्ष में नारेबाजी करते रहे। जिप के नवनिर्वाचित अध्यक्ष धर्म सिंह पठानिया ने जिला के विकास को प्राथमिकता देने की बात कही।
उपायुक्त एम सुधा देवी ने बताया कि जिप अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुनाव में पूरी पारदर्शिता बरती गई है। दोनों उम्मीदवार बराबरी पर थे। उसके बाद लॉटरी का सहारा लिया गया जिसमें धर्म सिंह पठानिया का नाम निकला और उन्हें अध्यक्ष चुन लिया गया।