चंबा की साल खड्ड में 18 वर्षीय युवक के डूबने से अफरा तफरी मच गई। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन, अग्निशमन विभाग व युवक के परिजनों तथा संबंधियों ने मौके पर पहुंच कर खोज अभियान शुरू कर दिया।
मंगलवार दोपहर साढ़े तीन बजे हुई घटना के बाद शुरू हुआ खोज अभियान अचानक तेज बारिश से बीच में ही रुक गया। खड्ड में डूबे युवक की पहचान राजीव (18) पुत्र ज्ञान चंद निवासी गांव नैरा पंचायत वाट तहसील व जिला चंबा के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि यह युवक अपने घर से अस्पताल में दाखिल किसी रिश्तेदार का हाल पूछने गया हुआ था। जिसके बाद तपती दोपहर की गर्मी से निजात पाने के लिए वह साल खड्ड में परियोजना के डाइवर्शन के समीप रुके पानी में नहाने पहुंच गया। जिस समय यह हादसा हुआ वहां पर कुछ अन्य युवक भी मौजूद थे। जिन्होंने डूबते हुए राजीव को बचाने की कोशिश की लेकिन सफल नहीं हो पाए। जिस जगह युवक डूबा है वहां पानी की गहराई बीस से पच्चीस फीट है।
इसी जगह पर आज से कुछ वर्ष पहले भी एक युवक तैरते हुए डूब गया था जिसका आज तक कुछ पता नहीं चल पाया। हादसे के लगभग साढ़े तीन घंटे के बाद तक बारिश का क्रम जारी था। जिससे खोज अभियान भी नदी का जल स्तर बढ़ने के चलते शिथिल पड़ा हुआ था। संभावना जताई जा रही थी कि अगर बारिश रुकी तो रात को भी मशीनरी और कृत्रिम रोशनी के सहारे खोज अभियान जारी रखा जाएगा।
मौके पर पहुंचे एसडीएम चंबा वचन सिंह ने बताया कि बारिश होने की स्थिति में खोज अभियान में परेशानी आ रही थी। लिहाजा खोज अभियान में जुटे लोगों की सुरक्षा के लिहाज से बारिश बरसने तक इसे टालना पड़ा। जैसे ही मौसम सामान्य होगा खोज शुरू कर दी जाएगी।