चंबा की सलूणी तहसील के मंजीर गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। जिसके बाद मृतका के मायके वालों की ओर से बीस पच्चीस लोगों ने मृतका के ससुराल में पहुंच कर हंगामा खड़ा कर दिया।
पुलिस ने मौके पर पहुंच कर अंतिम संस्कार से ठीक पहले मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए उठाया। मृतका की पहचान अनीता देवी (31) पत्नी पविंद्र, निवासी मंजीर तहसील सलूणी के रूप में हुई है। शिकायत मृतका के भाई रत्न सिंह ने पुलिस चौकी सुरंगानी में दर्ज करवाई कि उसकी बहन की उसके ससुराल में संदिग्ध हालत में मौत हो गई है। जबकि उसके ससुराल वाले इस मामले को दबाने के लिए चुपचाप अंतिम संस्कार रहे हैं।
लिहाजा पुलिस ने फौरन कार्रवाई करते हुए मृतका के शव को उसके घर से बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय चिकित्सालय चंबा पहुंचाया। उधर मृतका के परिजनों ने अपने बयान में बताया कि अनीता ने बिना बताए कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया था। इसका जब उन्हें पता लगा तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल ले जाते समय इंड नाला के समीप अनीता ने आखिरी सांस ली। मृतका के भाई का कहना है कि उसके ससुराल वाले अनीता को बेवजह तंग किया करते थे। इसके बारे में उसने कई बार मायके में भी शिकायत की। बहरहाल पुलिस ने ससुराल और मायके पक्ष के बयान दर्ज करके मृतका का पोस्टमार्टम करवा कर शव को अंतिम संस्कार के लिए भेज दिया है।
डीएसपी, चंबा वीर बहादुर ने बताया कि मृतका के भाई की शिकायत पर शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही कारण पता सामने आएगा। जिसके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।