नशा करके माता-पिता से मारपीट और घर में रखे सामान जलाने के आरोप में एक 33 वर्षीय युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जहां से उसे एसडीएम कोर्ट भटियात में पेश किया गया।
यह मामला पुलिस चौकी सिहुंता के अंतर्गत मेहरा गांव में उस समय पेश आया जबकि रविंद्र कुमार पुत्र राम सिंह शाम के समय अपने घर में नशे की हालत में पहुंचा। जहां उसकी हालत देखकर जब उसके माता-पिता ने उसे डांटा तो युवक ने नशे की हालत में अपना आपा खोकर अपने माता-पिता से ही मारपीट करना शुरू कर दी।
इतना ही नहीं युवक ने नशे में अपने घर में रखे सामान को भी आग लगा दी। जिसके चलते उसके परिजनों को इसकी शिकायत नजदीकी पुलिस केंद्र में करनी पड़ी। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ कर एसडीएम कोर्ट में पेश किया। एसडीएम भटियात अश्वनी सूद ने बताया कि आरोपी पर मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी को जमानत पर रिहा कर दिया गया है।